अंबिकापुर: स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सोहगा में शाला प्रवेश उत्सव बड़े ही उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य दिव्या भारत सिंह सिसोदिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सोहगा की सरपंच सिंगलो देवी, करजी की सरपंच रजंती बनवासी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शशिभूषण पांडेय एवं विधायक प्रतिनिधि मुकेश गिरी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा एक नई पहल करते हुए बच्चों को वेलकम किट प्रदान की गई, जिसमें शिक्षा संबंधी सामग्री वितरित की गई।
मुख्य अतिथि निरूपा सिंह ने कहा कि शासकीय विद्यालयों में शिक्षा का स्तर निरंतर ऊँचाइयों को छू रहा है। विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और जीवन मूल्यों की शिक्षा दी जा रही है। इस तरह के आयोजनों से बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनापन बढ़ता है और वे पूरे मन से शिक्षा ग्रहण करते हैं।कार्यक्रम अध्यक्ष देवनारायण यादव ने कहा कि शिक्षा बच्चों को आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है। विद्यालय में मिल रहा अनुशासित और प्रेरक वातावरण बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने की दिशा प्रदान करेगा।
विशिष्ट अतिथि दिव्या भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि बच्चों को आधुनिक संसाधनों और प्रेरणादायक माहौल में शिक्षा मिलने से उनके व्यक्तित्व का बहुमुखी विकास होता है। विद्यालय जिस तरह से बच्चों के लिए प्रयास कर रहा है वह निश्चित रूप से जिले के शिक्षा स्तर को नई पहचान देगा।
विद्यालय की प्राचार्या लीना थॉमस ने स्वागत भाषण के साथ वार्षिक शाला प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने वर्ष भर की उपलब्धियों, शैक्षणिक उन्नयन और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि विद्यालय का प्रत्येक शिक्षक बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वेलकम किट के माध्यम से बच्चों को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करना और विद्यालय के प्रति आत्मीयता का भाव पैदा करना हमारा उद्देश्य है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका कानिजा फातिमा और शिक्षक अमित कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी और अभिभावकगण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय प्रांगण में उल्लास और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।